छत्तीसगढ़ में 26 किसानों से 46 लाख की धोखाधड़ी…

छत्तीसगढ़ में 26 किसानों से 46 लाख की धोखाधड़ी…

भिलाई। एचडीएफसी बैंक के कर्मचारी ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर किसानों को दूध डेयरी लोन दिलाने के नाम पर 26 किसानों से करीब 46 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। धमधा थाना पुलिस ने बैंक कर्मी विकास सोनी और उसके सहयोगी मधु पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, धमधा ब्लॉक के ग्राम घोटा निवासी चंद्रिका पटेल ने शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम परसकोल निवासी मधु पटेल ने एचडीएफसी बैंक के कर्मचारी विकास सोनी के साथ मिलकर प्रधानमंत्री पशु लोन योजना के नाम पर ग्रामीणों को फर्जी लोन दिलाने का झांसा दिया। किसानों से कहा गया कि उन्हें 40% सब्सिडी और कम ब्याज पर लोन मिलेगा।

आरोपितों ने ग्रामीणों से सिक्योरिटी के नाम पर तीन-तीन चेक लिए और उन्हीं चेकों के माध्यम से खातों से रकम निकालकर अपने रिश्तेदारों व परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दी। इस तरह कुल 45 लाख 92 हजार 250 रुपये की धोखाधड़ी की गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने किसानों को फर्जी योजना दिखाकर 10-10 लाख रुपये तक के लोन दिलवाए और उसके बाद रकम का बड़ा हिस्सा खुद हड़प लिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है।

Chhattisgarh