कवर्धा कांड में साय सरकार का बड़ा एक्शन, हटाए गए कलेक्टर-SP

कवर्धा कांड में साय सरकार का बड़ा एक्शन, हटाए गए कलेक्टर-SP

रायपुर। कबीरधाम जिले के लोहारीडीह की घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पूरे एक्शन में दिख रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने इस घटना के बाद बड़ा एक्शन लिया और कबीरधाम के कलेक्टर व एसपी को हटा दिया है। कबीरधाम के कलेक्टर जन्मेजय महोबे के स्थान पर गोपाल वर्मा को कबीरधाम जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव को हटाकर उनके स्थान पर राजेश अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है।

बता दें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कवर्धा जिले में ग्राम लोहारीडीह में 15 सितंबर को शिवप्रसाद साहू की मृत्यु के उपरांत घटित आगजनी में रघुनाथ साहू की मृत्यु की दुर्भाग्यजनक घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने इस घटना के परिप्रेक्ष्य में पुलिसकर्मियों द्वारा ग्रामीणों से मारपीट किए जाने की घटना के चलते रेंगाखार थाने के निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक सहित वहां पदस्थ कुल 23 पुलिसकर्मियों को भी हटा दिया है। इसी कड़ी में अब सीएम साय ने कबीरधाम जिले के कलेक्टर और एसपी को हटा दिया गया है।

एक दिन पहले एएसपी विकास कुमार को किया था सस्पेंड
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक दिन जिले में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईपीएस विकास कुमार को पहले ही निलंबित किया था। वहीं सीएम साय द्वारा दिए गए मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कबीरधाम द्वारा अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी निर्भय कुमार साहू को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा उन्हें 30 दिवस के भीतर निर्धारित बिन्दुओं पर जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव ने कहा कि भविष्य में इस तरह की किसी भी प्रकार की घटना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधितों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आईजी ने की बड़ी कार्रवाई
पुलिसकर्मियों के खिलाफ राजनांदगांव रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने बड़ी कार्रवाई की है। आईजी दीपक कुमार झा ने एक एएसआई और एक महिला आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही जंगल रेंगाखार थाना के सभी पुलिसकर्मी लाइन हाजिर कर दिया है। आईजी ने कवर्धा में प्रेस कांफ्रेंस ली। उन्होंने घटनाक्रम के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में थाना सिंघनपुरी में पदस्थ एएसआई कुमार मंगलम, पुलिस चौकी बाजार चारभाठा की महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता को सस्पेंड किया है। इसके अलावा क्षेत्र डीएसपी संजय ध्रुव को हटाकर उनके जगह में कृष्ण कुमार चंद्राकर को भेजा जा रहा है। साथ ही जंगल रेंगाखार थाना प्रभारी टीआई झुमुक लाल शांडिल्य समेत कुल 22 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। आईजी ने पूरे मामले की विशेष जांच किए जाने की बात कही है।

Chhattisgarh