ग़ज़ा में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों के दौरान इसराइली हमलों में कम से कम 104 लोगों की मौत हुई है, जबकि 399 लोग घायल हुए हैं।
मंत्रालय के अनुसार, अब तक जारी संघर्ष में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 60,138 हो गई है, और लगभग 1,46,000 लोग घायल हुए हैं। हालात इतने भयावह हैं कि कई शव अब भी मलबों में दबे हुए हैं और कई घायल लोग सड़कों पर तड़प रहे हैं, जिन तक एम्बुलेंस और बचाव दल नहीं पहुंच पा रहे हैं।
इसके अलावा, खाद्य संकट और कुपोषण भी लोगों की जान ले रहा है। मंत्रालय ने बताया कि कुपोषण से पिछले 24 घंटों में 7 लोगों की मौत हुई है। इस तरह अब तक खाने की कमी से मरने वालों की संख्या 154 हो गई है, जिनमें 89 बच्चे शामिल हैं।
स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि यदि हालात जल्द नहीं बदले, तो ग़ज़ा में मानवता पर और बड़ा संकट आ सकता है।

