छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया विधानसभा भवन, राज्योत्सव पर पीएम मोदी कर सकते हैं लोकार्पण

छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया विधानसभा भवन, राज्योत्सव पर पीएम मोदी कर सकते हैं लोकार्पण

रायपुर। छत्तीसगढ़ को इस वर्ष 1 नवंबर को राज्योत्सव के अवसर पर एक नई सौगात मिलने जा रही है। नवा रायपुर में तैयार हो रहा नया विधानसभा भवन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि इसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से प्रस्तावित है।

नया विधानसभा भवन आधुनिक सुविधाओं और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत का समावेश करते हुए 52 एकड़ क्षेत्र में बनाया जा रहा है। इस भवन की खास बात यह है कि वर्तमान में 90 विधानसभा सीटों के लिए बने सदन में भविष्य को ध्यान में रखते हुए 200 विधायकों के बैठने की क्षमता विकसित की गई है। साथ ही, 500 दर्शकों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम भी तैयार किया जा रहा है।

रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य हर हाल में सितंबर तक पूरा कर लिया जाए, ताकि राज्योत्सव पर इसका लोकार्पण किया जा सके।

भवन की प्रमुख विशेषताएं:

  • तीन प्रमुख विंग:
    • विंग-ए: विधानसभा सचिवालय
    • विंग-बी: मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय, विधानसभा सदन और सेंट्रल हॉल
    • विंग-सी: उपमुख्यमंत्री व अन्य मंत्रियों के कार्यालय
  • विशाल परिसर:
    • 52 एकड़ में फैला परिसर
    • 700 वाहनों के लिए पार्किंग
    • दो भव्य सरोवर (1.5-1.5 एकड़ में)

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष पर यह भवन प्रदेश के लिए गौरव का प्रतीक बनेगा। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह भवन आधुनिकता, सांस्कृतिक गरिमा और स्थापत्य कला का अनुपम उदाहरण होगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी इसे केवल एक सरकारी भवन न मानते हुए, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक भव्यता और वैभव का प्रतीक बताया। उनका मानना है कि यह भवन देशभर में अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली और उन्नत सुविधाओं के लिए एक मिसाल बनेगा।

इस निरीक्षण के दौरान अजय जामवाल, पवन साय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh