स्वतंत्रता दिवस 2025: रायपुर में सीएम साय ने फहराया तिरंगा, नक्सलवाद खत्म करने का लिया संकल्प

स्वतंत्रता दिवस 2025: रायपुर में सीएम साय ने फहराया तिरंगा, नक्सलवाद खत्म करने का लिया संकल्प

रायपुर। देशभर में आज 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। राजधानी रायपुर के पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने 17 प्लाटून की सलामी ली और प्रदेशवासियों को संबोधित किया।

सीएम साय ने कहा कि तिरंगा हमारे पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। “हम इसकी शान को सदैव बनाए रखेंगे और अमर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे। सभी के सहयोग से हम विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे,” उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं, पात्रता नियम आसान किए गए हैं और ‘आवास प्लस 2.0’ के तहत नए लाभार्थियों का सर्वे कराया गया है। महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने महतारी वंदन योजना शुरू की है, जिसके तहत 17 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

नक्सलवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए सीएम साय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य है। पिछले 20 महीनों में 450 नक्सलियों की गिरफ्तारी की गई है।”

अपने संबोधन में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, आपातकाल के 50 वर्ष, चंद्रयान की उपलब्धि और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के इंटरनेशनल स्पेस में तिरंगा फहराने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने लोकतंत्र के सेनानियों और देश के वीर जवानों को नमन किया।

Chhattisgarh