रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। शहर में सोशल मीडिया पर युवाओं द्वारा ड्रग्स का सेवन करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और संबंधित युवक-युवतियों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया।
पुलिस ने इस मामले में चार युवाओं पर 2-2 लाख रुपये का बाउंड ओवर लगाया है। यानी अगर ये दोबारा ऐसी हरकत करते हैं तो उन्हें सीधे जेल की हवा खानी पड़ेगी और तय जुर्माना भरना होगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने वायरल वीडियो की तस्दीक कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुरानी बस्ती की टीम ने वीडियो में नजर आ रहे लोगों को चिन्हांकित कर पकड़ा। इनमें चार वयस्क युवक चंदन सोनकर (27), रितेश सोनी (24), शिवम धीवर (21) और तैफिउद्दीन (23) शामिल हैं, जो रायपुर के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर में ड्रग्स की खपत और तस्करी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नशे की गिरफ्त में युवाओं को आने से रोकने के लिए प्रशासन अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऐसे वीडियो की भी मॉनिटरिंग कर रहा है।
पुलिस ने शहर के युवाओं और उनके परिजनों से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

