रायपुर के कुख्यात सूदखोर तोमर बंधुओं की संपत्ति कुर्क होगी, कोर्ट ने दी मंजूरी

रायपुर के कुख्यात सूदखोर तोमर बंधुओं की संपत्ति कुर्क होगी, कोर्ट ने दी मंजूरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के फरार हिस्ट्रीशीटर सूदखोर तोमर बंधुओं पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है। कोर्ट ने पुलिस की ओर से दायर की गई संपत्ति कुर्की की याचिका को स्वीकार कर लिया है। इसके तहत रायपुर कलेक्टर को चार संपत्तियों की कुर्की के लिए प्रतिवेदन भेजा गया है। वहीं फरार आरोपियों को कोर्ट ने 18 अगस्त तक पेश होने का अंतिम अवसर दिया है। तय समय पर पेश नहीं होने पर उनकी संपत्ति कुर्क कर दी जाएगी।

फरार चल रहे हैं आरोपी, पुलिस ने किया इनाम घोषित

पिछले दो महीने से फरार चल रहे तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने उद्घोषणा की प्रक्रिया शुरू की। दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। गौरतलब है कि उनकी पत्नियों को पहले ही सूदखोरी के मामलों में जेल भेजा जा चुका है।

अवैध हथियार भी बरामद

तोमर बंधु लंबे समय से सूदखोरी के धंधे में सक्रिय थे और उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान उनके घर की तलाशी में पुलिस को अवैध हथियार भी मिले थे। आरोप है कि वे महंगे ब्याज दर पर पैसा देकर जबरन वसूली करते थे।

निगम की कार्रवाई और हाई कोर्ट की अर्जी

नगर निगम की जांच में सामने आया कि रायपुर के भाटागांव स्थित उनके आलीशान मकान के कई हिस्से अवैध हैं। निगम पहले ही उनके ऑफिस पर बुलडोजर चला चुका है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मकान की छत पर बनाए गए स्विमिंग पुल का निर्माण भी अवैध है। इस पर निगम कार्रवाई करेगा। वहीं, जिस नाम पर मकान है, उसने नगर निगम के आदेश को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट में अर्जी लगाई है।

Chhattisgarh Crime