छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन नए मंत्री शामिल

छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल का विस्तार, तीन नए मंत्री शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। राज्यपाल ने दुर्ग शहर के विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग के विधायक गुरु खुशवंत साहेब को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही प्रदेश में पहली बार मंत्रियों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा

सूत्रों के मुताबिक—

गजेंद्र यादव को शिक्षा विभाग (स्कूल, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा) की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

गुरु खुशवंत साहेब को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) और खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग मिल सकता है।

राजेश अग्रवाल को धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति तथा आबकारी विभाग दिए जाने की संभावना है।

फिलहाल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के पास सामान्य प्रशासन, खनिज साधन, ऊर्जा, जनसंपर्क, वाणिज्यिक कर (आबकारी) और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। विभागों का अंतिम बंटवारा उनके 21 अगस्त से शुरू होने वाले विदेश दौरे (जापान और दक्षिण कोरिया) से पहले होने की संभावना है।

15% नियम में बदलाव से 14 मंत्री संभव

90 सीटों वाली विधानसभा में अब तक अधिकतम 13 मंत्री ही बनाए जाते थे, लेकिन इस बार हरियाणा फार्मूले के तहत तीन नए चेहरे शामिल किए गए हैं। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है जब मंत्रिमंडल में 14 मंत्री होंगे।

मंत्रियों के लिए नई गाड़ियां तैयार

नए मंत्रियों के लिए राज्य गैरेज में तीन सफेद रंग की फार्च्यूनर गाड़ियां तैयार की गई हैं। इनमें से दो गाड़ियों के नंबर सीजी-02 एएफ 0009 और सीजी-02 एवी 0005 हैं। तीसरी गाड़ी फिलहाल ट्रायल पर है।


Chhattisgarh