चीन की अदालत ने म्यांमार में स्कैम सेंटर चलाने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए एक माफ़िया परिवार के 11 सदस्यों को मौत की सज़ा सुनाई है।
सरकारी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस मामले में कुल 39 लोगों को सज़ा दी गई है, जिनमें परिवार के कई सदस्यों को लंबी कैद की सज़ा भी मिली है।
यह माफ़िया परिवार म्यांमार के लौक्काई शहर में सक्रिय था, जो चीन की सीमा से सटा हुआ है और जुए, ड्रग्स तथा स्कैम सेंटर्स के लिए कुख्यात माना जाता है। यह परिवार शहर को नियंत्रित करने वाले चार बड़े कबीलों में से एक के लिए काम करता था।
गौरतलब है कि साल 2023 में म्यांमार ने इन माफ़िया परिवारों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई सदस्यों को गिरफ़्तार किया था और उन्हें चीन को सौंप दिया था।
सोमवार को चीन के उत्तरी शहर वानजाउ में अदालत ने सुनवाई पूरी कर सज़ा का ऐलान किया। अदालत ने इसे संगठित अपराध और सीमापार धोखाधड़ी के खिलाफ “सख़्त कार्रवाई का संदेश” बताया।

