गांधी-शास्त्री जयंती पर राष्ट्र ने दी श्रद्धांजलि

गांधी-शास्त्री जयंती पर राष्ट्र ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज पूरा देश श्रद्धा से नतमस्तक रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई गणमान्य नेता राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “राष्ट्रपिता के आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी है और वे भारत को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाते रहेंगे।” उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर गांधीजी की सादगी, साहस और सेवा-करुणा के भाव को याद करते हुए कहा कि बापू का जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में उनका मार्गदर्शन हमेशा प्रासंगिक रहेगा।

गौरतलब है कि 2 अक्टूबर 1869 को गुजरात के पोरबंदर में जन्मे महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलते हुए भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। आज भी उनका जीवन और बलिदान शांति और मानवता के प्रतीक के रूप में दुनिया भर में स्मरण किया जाता है।

शास्त्री जी को भी दी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर याद किया। उन्होंने उन्हें “असाधारण राजनेता” बताते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने कठिन परिस्थितियों में भी देश को मजबूत बनाया।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि शास्त्रीजी का नारा “जय जवान, जय किसान” भारत की संप्रभुता और किसानों के योगदान के सम्मान का प्रतीक है, जिसने हर भारतीय में देशभक्ति की भावना जगाई।

गांधी-शास्त्री जयंती पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया और लोगों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

National