सड़क हादसे के नाम पर हत्या का मामला, आरोपियों को बचाने पर टीआई निलंबित

सड़क हादसे के नाम पर हत्या का मामला, आरोपियों को बचाने पर टीआई निलंबित

कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में 26 सितंबर को सड़क हादसे में दो ग्रामीणों की मौत के मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह कोई साधारण सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि जमीन विवाद के चलते की गई साजिशनुमा हत्या थी।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन चढ़ाकर दोनों ग्रामीणों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतकों के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन थाना प्रभारी (टीआई) ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। आरोप है कि इसी लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हुए और उन्होंने हत्या की घटना को अंजाम दे दिया।

परिजनों का यह भी आरोप है कि मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिन्हें थाना प्रभारी द्वारा बचाया जा रहा था। इस पूरे प्रकरण की शिकायत अंबिकापुर रेंज आईजी दीपक झा को दी गई। इसके बाद सोनहत थाना प्रभारी निरीक्षक हेमंत अग्रवाल को निलंबित कर रक्षित केंद्र में अटैच कर दिया गया है।

मामले से जुड़े विवरण के अनुसार, सूरजपुर जिले के ग्राम रसौकी निवासी श्यामसुंदर गिरी और कृष्णा गिरी ने 25 सितंबर को सोनहत थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने ग्राम सेमरिया निवासी रमेश यादव, सुरेश यादव, ब्रह्मलाल और ग्राम रसौकी निवासी शनिकुमार सिंह पर जमीन विवाद के चलते धमकी देने का आरोप लगाया था। शिकायत के बावजूद टीआई ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके अगले दिन यानी 26 सितंबर को सड़क हादसे के नाम पर हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की पुनः जांच कर रही है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Chhattisgarh Crime