दुर्ग में भीषण सड़क हादसा: एक साल की मासूम बच्ची और मां की दर्दनाक मौत

दुर्ग में भीषण सड़क हादसा: एक साल की मासूम बच्ची और मां की दर्दनाक मौत

दुर्ग: शहर के गया नगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, गया नगर निवासी विकास साहू अपनी पत्नी मोनिका साहू (28 वर्ष) और एक साल की बेटी वामीका साहू के साथ बाइक से दुर्गा समिति के पास आ रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मोनिका और उनकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मठपारा वार्ड पार्षद नरेंद्र बंजारे और गया नगर के पूर्व पार्षद दिनेश देवांगन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को चंडिका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी ड्राइवर से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए ट्रैक्टर की लापरवाह रफ्तार को जिम्मेदार ठहराया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Chhattisgarh Crime