अभिनेता असरानी का 84 साल की उम्र में निधन, मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार

अभिनेता असरानी का 84 साल की उम्र में निधन, मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार

मुंबई। हिंदी सिनेमा के अनुभवी अभिनेता असरानी का सोमवार दोपहर 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निजी सचिव बाबूभाई ने उनकी मौत की पुष्टि की है। बताया गया कि असरानी पिछले चार दिनों से स्वास्थ्य समस्याओं के चलते जुहू स्थित आरोग्य निधि अस्पताल में भर्ती थे, जहां दोपहर करीब 3 से 3.30 बजे के बीच उन्होंने अंतिम सांस ली।

असरानी का अंतिम संस्कार मुंबई के सांताक्रूज़ स्थित शास्त्री नगर श्मशान भूमि में किया गया। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य और करीबी मौजूद रहे।

असरानी का पूरा नाम गोवर्धन असरानी था। उनका जन्म वर्ष 1941 में राजस्थान के जयपुर में हुआ था। उन्होंने अपने लंबे करियर में अभिनय से लेकर निर्देशन और कॉमेडी तक हर क्षेत्र में अपनी खास पहचान बनाई। ‘शोले’ फिल्म में जेलर की भूमिका से लेकर सैकड़ों फिल्मों में यादगार अभिनय के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।

फिल्मी जगत में असरानी के निधन से शोक की लहर है और सोशल मीडिया पर प्रशंसक और कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

National