रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में बदलाव धीरे-धीरे महसूस किया जाने लगा है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी व दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के असर से मंगलवार तक दक्षिण-पूर्व एवं पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की संभावना है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और अगले 24 घंटों में और स्पष्ट हो जाएगा। इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आगामी पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
रायपुर में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज
बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 1.9 और 2.4 डिग्री अधिक रहा। दिन में हल्की गर्मी का अहसास और रात में उमस बनी रही। हवा की औसत रफ्तार दो किलोमीटर प्रति घंटा और नमी का स्तर सुबह 76 व शाम 58 प्रतिशत दर्ज किया गया।
48 घंटे तक नहीं बदलेगा न्यूनतम तापमान, 26 अक्टूबर से बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, हालांकि बाद में 1-2 डिग्री की हल्की वृद्धि संभव है। 26 अक्टूबर से बारिश गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं। मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है। प्रदेश के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश संभव है।
प्रदेशभर का तापमान (बुधवार)
- माना एयरपोर्ट: 32.3° C / 22.3° C
- बिलासपुर: 32.7° C / 22° C
- पेंड्रारोड: 31.5° C / 19.2° C
- अंबिकापुर: 32.3° C / 18° C (प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान)
- जगदलपुर: 31.8° C / 21.8° C
- दुर्ग: 32.6° C / 20.4° C
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी सप्ताह में दक्षिणी जिलों में बारिश का असर ज्यादा दिखेगा, जबकि मध्य व उत्तरी हिस्सों में अभी हल्की उमस और गर्माहट बनी रह सकती है।

