छत्तीसगढ़ में 25 अक्टूबर से बस्तर ओलंपिक का आगाज — 3 लाख 91 हजार से अधिक खिलाड़ी करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ में 25 अक्टूबर से बस्तर ओलंपिक का आगाज — 3 लाख 91 हजार से अधिक खिलाड़ी करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुरू हुई बस्तर ओलंपिक खेल प्रतियोगिता अब अपने दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। 25 अक्टूबर 2025 से विकासखंड स्तर पर बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। इसकी जानकारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री और डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार पिछली बार की तुलना में लगभग ढाई गुना ज्यादा युवाओं ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पंजीयन कराया है।

इस बार रिकॉर्ड पंजीयन
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बताया कि वर्ष 2024 में 1,65,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 3,91,297 तक पहुंच गई है। इनमें 2,27,629 महिला खिलाड़ी और 1,63,668 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताया।

सरेंडर नक्सली भी लेंगे हिस्सा
बस्तर ओलंपिक केवल खेल आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक समरसता का भी संदेश दे रहा है। अरुण साव ने बताया कि सरेंडर कर चुके नक्सली भी इस वर्ष ‘युवा बाट’ के रूप में खेलों में प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा नक्सल हिंसा से प्रभावित दिव्यांग प्रतिभागी भी बस्तर ओलंपिक का हिस्सा होंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
डिप्टी सीएम ने कहा कि बस्तर ओलंपिक की सराहना स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कर चुके हैं। यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि बस्तर का युवा अब अपनी खेल प्रतिभा के जरिए देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए आगे आ रहा है।

बस्तर ओलंपिक बना परिवर्तन का प्रतीक
अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक अब केवल खेलों का महोत्सव नहीं, बल्कि बस्तर की सामाजिक चेतना और गौरव का प्रतीक बन चुका है। युवाओं में इस आयोजन को लेकर गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है, जो बस्तर क्षेत्र के विकास और शांति स्थापना की दिशा में बड़ा कदम है।

Chhattisgarh Sports