छत्तीसगढ़ के 1994 बैच के एक वरिष्ठ IAS अधिकारी जल्द ही सेंट्रल डेपुटेशन पर दिल्ली रवाना होने वाले हैं। राज्य सरकार ने अधिकारी की रिलीविंग से संबंधित पत्र डीओपीटी को भेज दिया है। जैसे ही दिल्ली में संबंधित स्तर पर वैकेंसी उपलब्ध होगी, उनकी पोस्टिंग आदेश जारी कर दी जाएगी। अधिकारी सचिव (Secretary) रैंक में इंपेनल्ड हैं, इसलिए तैनाती में कोई बाधा नहीं मानी जा रही है। इस स्तर पर आवेदन की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि हर तीन-चार महीने में निकलने वाली रोलिंग लिस्ट से चयन होता है।
जानकारी के मुताबिक 94 बैच के दो IAS अभी छत्तीसगढ़ में पदस्थ हैं। बैचमेट विकास शील के मुख्य सचिव बनने के बाद दोनों के लिए यह स्थिति असहज मानी जा रही थी। इनमें से एक अधिकारी कुछ समय और राज्य में बने रहेंगे, जबकि दूसरे का आदेश किसी भी समय जारी हो सकता है।
इस डेपुटेशन से राज्य में उच्चस्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों की पहले से चल रही कमी और बढ़ जाएगी। फिलहाल राज्य में केवल तीन प्रमुख सचिव हैं, जिनमें से सुबोध सिंह मुख्यमंत्री सचिवालय में नियुक्त हैं। अन्य दो प्रमुख सचिव निहारिका बारिक और सोनमणि बोरा हैं। माना जा रहा है कि ट्राइबल विभाग, जो वर्तमान में सोनमणि बोरा के पास है, उसे किसी सचिव स्तर के अधिकारी को समायोजित कर बोरा को दिल्ली जाने वाले अधिकारी का विभाग संभालने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

