बेमेतरा। रविवार शाम शहर में बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय थोक कपड़ा व्यापारी बंटी सलूजा के पुत्र क्रिस सलूजा ने अपनी डिफेंडर गाड़ी से भीड़ में घुसकर लगभग डेढ़ दर्जन लोगों को रौंद दिया। दुर्घटना में एक व्यक्ति जीवन राम साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि मृतकों की संख्या दो से तीन भी हो सकती है, लेकिन देर रात तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
घर में छिपा आरोपी, परिजनों की बदतमीजी से भड़की भीड़
घटना के बाद आरोपी क्रिस सलूजा सीधे अपने घर में जाकर छिप गया। जब घायल व आक्रोशित लोग उसके घर पहुंचे तो व्यापारी बंटी सलूजा ने कथित रूप से लोगों से बदतमीजी की और धमकाते हुए “सबको निपटा देने” की बात कही। इससे गुस्साई भीड़ भड़क गई और देर रात तक घर में तोड़फोड़ जारी रही।
पुलिस पर पक्षपात के आरोप
मौके पर पुलिस की मौजूदगी बेहद कम थी, जिसके चलते हालात काबू में नहीं आ सके। भीड़ ने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपी को थाने ले जाने के बजाय पेट्रोलिंग वाहन से घर तक पहुंचाया। हालांकि इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गिरफ्तारी की मांग और तनावपूर्ण हालात
देर रात तक बड़ी संख्या में लोग व्यापारी के घर के बाहर डटे रहे और आरोपी व उसके परिजनों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। कई गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी और मृतकों की सही संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी थी।

