कोरबा : नौकरी से निकालने का भय दिखाकर एसईसीएल कर्मी से 11 लाख की उगाही, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा : नौकरी से निकालने का भय दिखाकर एसईसीएल कर्मी से 11 लाख की उगाही, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एसईसीएल (South Eastern Coalfields Limited) के एक कर्मचारी को नौकरी से निकालने की धमकी देकर 11 लाख रुपये की उगाही की गई। पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शिकायत में क्या कहा गया?
बलगी कॉलोनी निवासी और एसईसीएल की बलगी परियोजना में पंप ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 59 वर्षीय दीनदयाल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देते हुए बताया कि सितंबर 2024 में प्रवीण झा नामक युवक ने उन्हें फोन कर कहा कि वह फर्जी तरीके से नौकरी कर रहे हैं। आरोपी ने धमकी दी कि वह शिकायत सभी विभागीय कार्यालयों और एसपी तक पहुंचाकर उनकी नौकरी तुड़वा देगा।

कई किश्तों में ली गई राशि
धमकी से घबराए पीड़ित ने नवंबर 2024 तक किश्तों में 5 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। इसके बाद आरोपी ने एसपी के नाम का हवाला देकर और दबाव बनाया तथा 2.50 लाख रुपये अतिरिक्त वसूल लिए। अगस्त 2025 में आरोपी ने एसईसीएल अधिकारी के नाम का हवाला देते हुए 10 लाख रुपये की और मांग रखी। इस दौरान अग्रिम के तौर पर 2.50 लाख रुपये का चेक ले लिया, हालांकि चेक की तिथि एक वर्ष आगे की होने से वह पास नहीं हो सका। कुल मिलाकर आरोपी ने 11.10 लाख रुपये की उगाही कर ली।

आरोपी गिरफ्तार
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपी प्रवीण झा को बिलासपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस आगे की जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह की ब्लैकमेलिंग अन्य लोगों के साथ भी की है या नहीं।

Chhattisgarh Crime