नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार — ढाई हजार नशीली कैप्सूल बरामद

नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार — ढाई हजार नशीली कैप्सूल बरामद

दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दुर्ग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खुर्सीपार और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब ढाई हजार नशीली कैप्सूल, नगद रकम और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के आईटीआई ग्राउंड में कुछ लोग नशीली कैप्सूल बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रजनीश पांडे, विपिन जेम्स, श्याम कन्हैया विश्वकर्मा, रणजीत राम, अभिजीत साहू और अरबाज खान उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया। तलाशी में कुल 2044 नशीली कैप्सूल, 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, टाइटन की घड़ी और बिक्री की रकम बरामद की गई।

वहीं, थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में मानस भवन के पीछे रविशंकर स्टेडियम के पास दो और आरोपियों — फैजान अहमद और साहिल कुमार यादव को पुलिस ने दबोचा। उनके पास से ट्रामाडोल कैप्सूल की 45 स्ट्रिप (371 नग), दो मोबाइल, एक एक्टिवा और बिक्री रकम ₹1110 बरामद हुई।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C), 8, 27(A) एवं धारा 111(3) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी लंबे समय से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री कर युवाओं को नशे की लत में धकेल रहे थे। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Chhattisgarh Crime