फिंगेश्वर। फिंगेश्वर–छुरा प्रमुख मार्ग पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक ने एक युवक की जान ले ली। बोरिद निवासी 21 वर्षीय लेखराम सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार में मातम पसर गया है।
जानकारी के मुताबिक, लेखराम नवापारा राजिम स्थित फूलचंद कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। रोज की तरह शनिवार शाम कॉलेज से लौटने के बाद वह घर के सामने सड़क किनारे टहल रहा था। तभी तेज रफ्तार पल्सर बाइक (क्रमांक CG 23 N 9209) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लेखराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
हादसे को अंजाम देने वाले चालक कुंवर सिंह ध्रुव (निवासी अमलोड़) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाइक पर सवार घनश्याम पहाड़िया फरार है। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक पल की लापरवाही ने एक परिवार का सहारा छीन लिया — इलाके में शोक का माहौल है।

