तुर्किए ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ गाजा में कथित नरसंहार और मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
इस्तांबुल अभियोजक कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि सूचीबद्ध 37 इजरायली अधिकारियों में रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज, राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर और सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर शामिल हैं।
बयान में कहा गया है कि इजरायल ने गाजा में व्यवस्थित तरीके से नरसंहार को अंजाम दिया है। इस दौरान तुर्किए द्वारा बनाए गए ‘तुर्किए-फलस्तीनी मैत्री अस्पताल’ पर भी मार्च में इजरायली हमले का उल्लेख किया गया है।
तुर्किए ने पहले भी दक्षिण अफ्रीका के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) में इजरायल के खिलाफ नरसंहार के आरोपों का समर्थन किया था।
उधर, इजरायल की ओर से इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया गया है और कहा गया है कि गाजा में चल रहे अभियान का उद्देश्य हमास के आतंकवाद को समाप्त करना है।
इस बीच, 10 अक्टूबर से लागू नाजुक युद्धविराम के बावजूद गाजा में हिंसा और मानवीय संकट जारी है।

