छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, 12.4 डिग्री तक गिरा पारा, अगले तीन दिन में पड़ सकती है कड़ाके की सर्दी
रायपुर। राजधानी में अब ठंड महसूस होने लगी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रायपुर के आउटर इलाकों में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से करीब 5.5 डिग्री कम है।
यह इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही। मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवा के कारण छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। अगले तीन दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।
रायपुर में दिन सुहावने, रातें ठंडी
अक्टूबर के पहले पखवाड़े में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद रायपुर का मौसम अब पूरी तरह बदल गया है। नवंबर के आते ही दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी और रात में ठंडक बढ़ने लगी है।
इस समय राजधानी का औसत अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहता है। नवंबर में औसतन सिर्फ 8.2 मिमी वर्षा दर्ज होती है और आसमान आमतौर पर साफ रहता है।

