सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘भारत पर्व’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कहा – प्रधानमंत्री मोदी ने लौहपुरुष की विरासत को और सशक्त बनाया

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘भारत पर्व’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कहा – प्रधानमंत्री मोदी ने लौहपुरुष की विरासत को और सशक्त बनाया

केवड़िया (गुजरात)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित ‘भारत पर्व’ में शामिल हुए। यह पर्व लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत पर्व हमारे देश की विविधता में एकता का सशक्त प्रतीक है, जहां एक मंच पर भारत के हर राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरव देखने को मिलते हैं।

कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पर्व भारत के सांस्कृतिक और भावनात्मक एकीकरण का उत्सव है, जिसका समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती – राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर होगा।

मुख्यमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की भव्यता की सराहना करते हुए कहा —

“यह प्रतिमा भारत की एकता की पहचान है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके निर्माण का निर्णय लिया, तब देश के हर गांव से लोहा मंगवाया गया — यह सच्चे अर्थों में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि जिस तरह सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर एक भारत बनाया, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों के भारत को और सशक्त किया है। साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण से लेकर राष्ट्रीय एकता दिवस तक, मोदी सरकार ने लौहपुरुष की विचारधारा को नई ऊर्जा दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा —

“यह हमारे लिए गर्व की बात है कि आज देश की विरासत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे दूरदर्शी नेतृत्व के हाथों में है, जो सरदार पटेल की सोच और आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं।”

भारत पर्व के दौरान मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल के कलाकारों से भी मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की झांकी ने परेड में भाग लेकर पूरे देश को राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

साय ने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय का ‘वंदे मातरम्’ और सरदार पटेल की एकता की भावना — यही हमारी राष्ट्रीय पहचान है। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल ने सिविल सेवा ढांचे का भारतीयकरण किया, जिसकी झलक आज भी हमारे प्रशासनिक तंत्र में दिखती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Chhattisgarh