दिल्ली लाल किले के पास धमाका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को बताया दुखद, शांति और संयम की अपील

दिल्ली लाल किले के पास धमाका : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना को बताया दुखद, शांति और संयम की अपील

रायपुर/दिल्ली। दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण धमाके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री साय ने इस हादसे को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

उन्होंने कहा, “यह घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं और ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार और संबंधित सभी एजेंसियां स्थिति की सतत समीक्षा कर रही हैं तथा प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।

साय ने देशवासियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि “ऐसे कायरतापूर्ण प्रयास हमारे संकल्प, साहस और एकता को कमजोर नहीं कर सकते। इस कठिन समय में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।”

🔸 गौरतलब है कि लाल किले के पास सोमवार को एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं। हादसे के बाद दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

Chhattisgarh