मुख्यमंत्री जनदर्शन आज से शुरू, राजनीति से लेकर संस्कृति तक हलचल भरा दिन

मुख्यमंत्री जनदर्शन आज से शुरू, राजनीति से लेकर संस्कृति तक हलचल भरा दिन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी और प्रदेश भर में आज का दिन राजनीतिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों से सराबोर रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज से मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, वहीं कांग्रेस और भाजपा दोनों दल अपने-अपने स्तर पर अहम बैठकों और कार्यक्रमों में जुटे रहेंगे। साथ ही शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतिस्पर्धाओं की भी धूम रहेगी।


मुख्यमंत्री जनदर्शन आज से फिर शुरू

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों से मुलाकात करेंगे। यह आयोजन सुबह से शुरू होगा, जिसमें मुख्यमंत्री दोपहर 12 से 3 बजे तक लोगों की शिकायतें और सुझाव सुनेंगे। शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे ताकि समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जा सके।


कांग्रेस निगरानी समिति की अहम बैठक आज

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की AICC निगरानी समिति की बैठक आज दोपहर 1 बजे राजीव भवन में होगी। इसमें प्रदेश में चल रही SIR प्रक्रिया पर रणनीति तय की जाएगी। बैठक में पीसीसी चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संयोजक मोहन मरकाम सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।


जनजाति गौरव दिवस पर भाजपा की बड़ी तैयारी

भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भाजपा आज प्रदेशभर में प्रेस वार्ताएं आयोजित कर रही है। रायपुर में कृषि मंत्री रामविचार नेताम मीडिया से रूबरू होंगे, जबकि अन्य जिलों में भाजपा नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस लेंगे। इसमें जनजातीय नायकों के योगदान, केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं और जनजातीय विकास पर चर्चा होगी।
बालोदाबाजार-भाटापारा में मंत्री केदार कश्यप प्रेस वार्ता करेंगे।


रायपुर के दो वार्डों में आज शाम पानी सप्लाई बंद

नगर निगम जोन-9 के अंतर्गत अवंति विहार टंकी के वॉल्व बदलने का कार्य किया जाएगा। इस वजह से नेताजी सुभाषचंद्र बोस और महर्षि वाल्मिकी वार्ड में शाम के समय पानी सप्लाई बाधित रहेगी। जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा के अनुसार मरम्मत कार्य 14 नवंबर की सुबह पूरा कर लिया जाएगा।


सैय्यद मुश्ताक अली टी-20 के लिए टीम घोषित

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने सैय्यद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है।
अमनदीप खरे टीम के कप्तान होंगे। रायपुर के पांच खिलाड़ी टीम में शामिल हैं। टूर्नामेंट 26 नवंबर से लखनऊ में शुरू होगा और पहला मुकाबला विदर्भ से होगा।
टीम में प्रमुख खिलाड़ी — अमनदीप खरे (कप्तान), शशांक सिंह, आयुष पांडे, मयंक वर्मा, रविकिरण आदि।


राज्य स्तरीय सब-जूनियर बैडमिंटन में रायपुर का दबदबा

आईटीएम यूनिवर्सिटी, रायपुर में जारी राज्य स्तरीय सब-जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में रायपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है।
सोहम अग्रवाल, दर्श मलिक, हर्ष देशपांडे और समर्थ वर्मा ने क्वालिफाइंग राउंड में जीत दर्ज की है। फाइनल मुकाबले कल खेले जाएंगे।


पहली बार छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स

जगदलपुर और रायपुर मिलकर पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी करेंगे।
साई (भारतीय खेल प्राधिकरण) की टीम ने दोनों शहरों में खेल स्थलों का निरीक्षण किया।
रायपुर में रेसलिंग, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी और वेटलिफ्टिंग, जबकि बस्तर में एथलेटिक्स और आर्चरी की प्रतियोगिताएं होंगी। निरीक्षण टीम का नेतृत्व ममता ओझा, निदेशक (खेलो इंडिया इवेंट्स) ने किया।


पंज तख्त दर्शन सिमरन यात्रा रवाना

गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व पर पंज तख्त दर्शन सिमरन यात्रा आज सुबह 11:30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह यात्रा 14 से 26 नवंबर तक चलेगी और नांदेड़, बठिंडा, अमृतसर, दिल्ली, पटना व असम के ऐतिहासिक गुरुद्वारों का दर्शन करेगी।


राजधानी में आज के सांस्कृतिक कार्यक्रम

‘अनुगूंज’ शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम – कमला देवी संगीत महाविद्यालय, रजवाड़ा हॉल, सिविल लाइन (शाम 6 बजे)

‘मुक्तिबोध की कविताएं’ प्रस्तुति – रंगमंदिर, गांधी चौक (शाम 7 बजे)

नाटक ‘नाटकीय नौकरानी’ – रंगमंदिर, गांधी चौक (शाम 7.30 बजे)

छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘माटी’ का प्रीमियर शो – पीवीआर सिटी सेंटर, पंडरी (दोपहर 2.30 बजे)

चित्रकारी व टैरो कार्ड रीडिंग – औरा ज्वेलर्स, पंडरी (दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक)

Chhattisgarh