रायपुर। साइंस कॉलेज मैदान में शनिवार तड़के नगर निगम की टीम द्वारा चौपाटी हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई का व्यापारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया। विरोध का नेतृत्व करने पहुंचे पूर्व विधायक विकास उपाध्याय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
सुबह निगम अमला जैसे ही मौके पर पहुंचा और जेसीबी चालू कराई, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय और कांग्रेसजन चौपाटी हटाने के खिलाफ वहां धरने पर बैठ गए। उपाध्याय जेसीबी के सामने लेट गए और प्रदर्शनकारियों ने मशीन की चाबी भी छीन ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हटाया, इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई।
नगर निगम का कहना है कि चौपाटी हटाने की कार्रवाई पूर्व निर्धारित योजना के तहत की जा रही है, जबकि व्यापारी और कांग्रेस नेता इसे मनमाना कदम बता रहे हैं।
इससे पहले शुक्रवार की रात भी पूर्व विधायक उपाध्याय व्यापारी संघ के साथ रातभर धरने पर बैठे थे। शनिवार सुबह कार्रवाई के दौरान तनाव बढ़ने पर पुलिस ने उपाध्याय सहित कई लोगों को हिरासत में लिया।

