धर्मेंद्र के निधन पर अमिताभ बच्चन भावुक — कहा, “एक और बहादुर दिग्गज मंच छोड़ गया”

धर्मेंद्र के निधन पर अमिताभ बच्चन भावुक — कहा, “एक और बहादुर दिग्गज मंच छोड़ गया”

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के सोमवार को हुए निधन ने पूरे फ़िल्म उद्योग को शोक में डुबो दिया। 89 वर्षीय अभिनेता का अंतिम संस्कार दोपहर 1:20 बजे मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर उनके परिजनों और करीबी लोगों की मौजूदगी में किया गया।

देर रात अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर धर्मेंद्र के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। शोले जैसी कल्ट फ़िल्म में ‘जय–वीरू’ की अमिट जोड़ी निभा चुके अमिताभ ने अपने पोस्ट में लिखा —

“हमसे एक और बहादुर दिग्गज जुदा हो गया। मंच छोड़ गया। पीछे असहनीय खामोशी छोड़ गया… धर्म जी।”
उन्होंने आगे लिखा—
“वो महानता की पहचान थे। दमदार मौजूदगी से कहीं आगे, उनका बड़ा दिल और अद्भुत सादगी उन्हें अलग बनाती थी। वह अपने साथ पंजाब के गांव की मिट्टी की खुशबू लेकर आए थे और पूरे सफर में उसी सादगी से जुड़े रहे।”

अमिताभ ने यह भी कहा कि हर दशक में बदलती फ़िल्म इंडस्ट्री के बावजूद धर्मेंद्र अपनी पहचान और स्वभाव पर कायम रहे—
“बिरादरी बदलती रही, वह नहीं। उनकी मुस्कान, उनका सलीका और उनकी गर्मजोशी हर किसी तक पहुंचती थी… हमारे आसपास एक खालीपन है, जो कभी नहीं भरेगा। प्रार्थना।”

धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से सिनेमा जगत में शोक की लहर है, और प्रशंसक उन्हें ‘ही-मैन’ की छवि, उनके बेबाक अंदाज़ और सरल स्वभाव के लिए हमेशा याद रखेंगे।

Chhattisgarh