यूक्रेन की राजधानी कीएव में रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई है और सात लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी शहर के अधिकारियों ने दी.
शनिवार तड़के कई ज़िलों में रिहायशी इमारतों पर हमले हुए और पूरे शहर में जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं.
कीएव के मेयर विटाली क्लित्सको ने कहा कि घायलों में एक 13 साल का बच्चा भी शामिल है और चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कि इससे पहले इसी हफ़्ते कीएव पर हुए ऐसे ही हमले में सात लोगों की मौत हुई थी.
रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक शांति प्रस्ताव की पेशकश की है, जिस पर यूक्रेन ने कुछ बदलाव की मांग की है. इसे लेकर यूक्रेन के अधिकारी इस हफ़्ते अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत की तैयारी में हैं.

