खैरागढ़ जिले में प्रस्तावित श्री सीमेंट लिमिटेड की सण्डी लाइमस्टोन ब्लॉक खनन परियोजना की 11 दिसंबर को होने वाली जनसुनवाई को जिला प्रशासन ने अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। यह सुनवाई बुंदेली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे मैदान में आयोजित की जानी थी।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में “अपरिहार्य कारणों” का हवाला देते हुए कहा गया है कि नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
40 से अधिक गांवों में विरोध, तनाव के बीच लिया गया फैसला
परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से छुईखदान क्षेत्र में तनाव बना हुआ था। 40 से अधिक गांवों के किसान खनन परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे खेती योग्य भूमि, पेयजल स्रोत और पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा।
पिछले सप्ताह विरोध रैली के दौरान एसडीएम कार्यालय के बाहर हालात बिगड़ गए थे। भीड़ में घुसे कुछ उपद्रवियों ने बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
किसानों का आरोप—कंपनी फैला रही भ्रामक जानकारी
किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि कंपनी गुमराह करने वाली जानकारियाँ फैला रही है।
वहीं श्री सीमेंट का कहना है कि कुछ लोग अनावश्यक विरोध भड़का रहे हैं और परियोजना से जुड़े रोजगार, विकास और सुविधाओं की सही जानकारी ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रही है।
किसानों ने कहा—‘आंशिक जीत’, संघर्ष जारी रहेगा
जनसुनवाई स्थगित होने को किसानों ने आंशिक जीत करार दिया है। उनका कहना है कि लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और परियोजना पूरी तरह वापस लेने तक आंदोलन जारी रहेगा।
हालात शांत, नई तिथि पर टिकी नजरें
जनसुनवाई टलने के बाद क्षेत्र में तनाव कुछ कम हुआ है। प्रशासन और कंपनी अब नई तिथि घोषित होने तक माहौल शांत रखने की कोशिश में हैं।
फिलहाल, परियोजना को लेकर विवाद जस का तस है और आगे की स्थिति प्रशासन के अगले फैसले पर निर्भर करेगी।

