रायपुर। वर्तमान डिजिटल दौर में सोशल मीडिया, OTT, करियर प्रतिस्पर्धा और वर्क-लाइफ बैलेंस की चुनौतियों के बीच मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जेसीआई रायपुर कैपिटल जोन 27 के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेसी सूरज अग्रवाल के नेतृत्व में बेस्ट कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में माइंडफुलनेस विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जेसी मनीष कुमार सरवैया ने युवाओं को विभिन्न उदाहरणों व कहानियों के माध्यम से वर्तमान क्षण में जीने का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते दौर में भावनात्मक बुद्धिमत्ता की भूमिका और अधिक अहम हो गई है। कंपनियां ऐसे कर्मचारियों को प्राथमिकता दे रही हैं, जो मानवीय संवेदनाओं को समझकर प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। इसलिए युवाओं को नियमित रूप से माइंडफुलनेस का अभ्यास कर अपनी ईमोशनल इंटेलिजेंस को बढ़ाना चाहिए।
सत्र के दौरान वक्ता ने माइंडफुल ब्रीदिंग, माइंडफुल वॉकिंग तथा पसंदीदा संगीत सुनने जैसे सरल अभ्यास साझा किए, जिनसे वर्तमान पल में रहने की आदत विकसित की जा सकती है। विद्यार्थियों को कुछ देर का ध्यान भी करवाया गया। अंत में प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। कार्यक्रम में लगभग 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जेसी प्रणेश जैन, श्रीमती पूजा सरवैया, जेसी अरिजीत सिंह, जेसी नरेंद्र देवांगन, जेसी गौरव कोटडिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी ने दी।

