मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि दी, सोनाखान में विकास कार्यों पर दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बलिदान दिवस पर सोनाखान में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद स्मारक में पुष्पांजलि दी तथा आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का भी निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जागड़े, शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दीवान सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि 10 दिसंबर को अंग्रेजों ने रायपुर के जय स्तंभ चौक में शहीद वीर नारायण सिंह को फांसी दी थी। 1857 के संग्राम में वे छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी थे। सोनाखान उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। राज्य सरकार सोनाखान को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को बढ़ावा दे रही है।

