रायपुर में ‘सेव बंगाल सेव इंडिया’ मुहिम का पोस्टर लॉन्च, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया अनावरण

रायपुर में ‘सेव बंगाल सेव इंडिया’ मुहिम का पोस्टर लॉन्च, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया अनावरण

रायपुर, पश्चिम बंगाल में सनातनी बंगालियों पर हो रहे कथित अत्याचारों और जनसांख्यिकी बदलाव को लेकर छत्तीसगढ़ में रह रहे बंगाली समाज ने ‘सेव बंगाल सेव इंडिया’ नाम से जन-जागरूकता मुहिम की शुरुआत की है। इसी कड़ी में मंगलवार को इस अभियान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया।

छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित अपने कक्ष में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बंगाली समाज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पोस्टर का विधिवत अनावरण किया। इस दौरान समाज के सदस्यों ने मुहिम के उद्देश्यों, भावनाओं और अपेक्षाओं से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

आयोजकों ने बताया कि इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ की सभी कालीबाड़ी एवं बंगाली समाज के सदस्यों से संपर्क कर उन्हें मुहिम से जोड़ा जाएगा। उद्देश्य है कि राज्य में रह रहे प्रत्येक बंगाली समाज के व्यक्ति तक पहुंच बनाकर सामाजिक एकजुटता के साथ अपनी चिंताओं को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सामने रखा जाए।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समाज के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि लोकतंत्र में संवाद, सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के माध्यम से अपनी बात रखना ही सबसे सशक्त रास्ता है। उन्होंने मुहिम से जुड़े लोगों को शांतिपूर्ण, संगठित और सकारात्मक प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।

‘सेव बंगाल सेव इंडिया’ अभियान के माध्यम से बंगाली समाज ने यह संदेश दिया कि वे अपनी सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए एकजुट हैं तथा देशभर में जागरूकता फैलाने की दिशा में निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

Chhattisgarh