कार की बोनट पर तलवार से केक काट रहे थे युवक-युवतियां, पुलिस पहुंची तो थाने में मना जन्मदिन

कार की बोनट पर तलवार से केक काट रहे थे युवक-युवतियां, पुलिस पहुंची तो थाने में मना जन्मदिन

कोरबा। शहर में बीच सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर जन्मदिन मनाने का खतरनाक ट्रेंड तेजी से बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला कोरबा के मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है, जहां युवक-युवतियां कार की बोनट पर केक रखकर तलवार से काटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरा जश्न फीका पड़ गया।

जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा जिले से कुछ युवक और नाबालिग स्कॉर्पियो व अर्टिगा कार से कोरबा पहुंचे थे। मुड़ापार स्थित हेलीपेड पर एक नाबालिग का जन्मदिन मनाने की योजना बनाई गई थी। वाहनों में तेज आवाज में साउंड सिस्टम चल रहा था और कार की बोनट पर केक रखकर तलवार लहराई जा रही थी।

तलवार छिपाने की कोशिश, राजनीतिक रसूख दिखाया

हथियार लहराने की सूचना मिलने पर मानिकपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवकों ने आनन-फानन में तलवार वाहन के अंदर छिपा दी, जबकि युवतियां भी कार में बैठ गईं। जांच के दौरान पुलिस ने तलवार बरामद कर ली। इस बीच एक युवक ने राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई की।

थाने ले जाकर दी समझाइश

पुलिस सभी युवक-युवतियों को मानिकपुर चौकी लेकर पहुंची। नाबालिग लड़कियों के परिजनों को बुलाकर उन्हें सख्त समझाइश के बाद सुपुर्द किया गया। मुख्य आरोपी युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, वहीं नियमों के उल्लंघन पर वाहनों के चालान भी काटे गए।

अभिभावकों की लापरवाही पर सवाल

बाल कल्याण समिति के सदस्य मनोज ठाकुर ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि अभिभावकों की लापरवाही ऐसे मामलों की बड़ी वजह बन रही है। देर रात नाबालिगों का बाहर रहना, हथियारों के साथ जश्न मनाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने माता-पिता से बच्चों की संगति और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की अपील की।

Chhattisgarh