रायपुर। नक्सलियों के सफाए के लिए चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों को एक के बाद एक बड़ी सफलता मिल रही है। ओडिशा की स्पेशल फोर्स, सीआरपीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने ओडिशा के कंधमाल जिले के गंजाम सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान छह नक्सलियों को मार गिराया है। मुठभेड़ सर्चिंग अभियान के दौरान राम्पा इलाके में हुई, जहां नक्सली कमांडर गणेश उइके को सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया।
मुठभेड़ स्थल से दो महिला नक्सलियों समेत कुल छह नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मारा गया गणेश उइके नक्सली संगठन का बड़ा कमांडर बताया जा रहा है, जिसका कई नक्सली हमलों में अहम रोल रहा है। उसके मारे जाने से ओडिशा में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका माना जा रहा है।
नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम: अमित शाह
इस बड़ी सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि नक्सल-मुक्त भारत की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। ओडिशा के कंधमाल में हुए बड़े ऑपरेशन में सेंट्रल कमेटी मेंबर गणेश उइके सहित छह नक्सलियों को मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि इस सफलता के साथ ओडिशा नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त होने की कगार पर है और सरकार 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए संकल्पित है।
नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस कार्रवाई को नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक प्रहार बताया। उन्होंने कहा कि खुफिया-आधारित संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित माओवादी संगठन के शीर्ष नेतृत्व में शामिल गणेश उइके को न्यूट्रलाइज किया जाना माओवादी तंत्र की रीढ़ पर सीधा वार है। यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि अब नक्सल हिंसा के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
मुख्यमंत्री साय ने सुरक्षा बलों को नमन करते हुए कहा कि सरकार का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है—हिंसा का रास्ता छोड़िए, मुख्यधारा से जुड़िए, अन्यथा कानून अपना काम करेगा। शांति, विकास और विश्वास ही नए भारत की पहचान है।

