रग्बी सेवंस चैंपियनशिप में महासमुंद ने रचा इतिहास, दोनों वर्गों में बना चैंपियन

रग्बी सेवंस चैंपियनशिप में महासमुंद ने रचा इतिहास, दोनों वर्गों में बना चैंपियन

8वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सब-जूनियर रग्बी सेवंस चैंपियनशिप 2025 का सफल आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में 8वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय सब-जूनियर (U-15) बालक एवं बालिका रग्बी सेवंस चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 28 दिसंबर को पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के शारीरिक शिक्षा विभाग के मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से बालक एवं बालिका वर्ग की कुल 15 टीमों ने हिस्सा लिया।


प्रतियोगिता का शुभारंभ राकेश जैन (उपाध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स), निकेश बरडिया (कोषाध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स) एवं उत्तम गर्ग (अध्यक्ष, रोटरी क्लब रायपुर) द्वारा किया गया।


बालिका वर्ग

बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में महासमुंद ने बिलासपुर को 29 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां महासमुंद की निशा, नंदिनी और जिया का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। वहीं रायपुर ने ज्योति के 7 अंकों की मदद से जांजगीर-चांपा को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। तीसरे स्थान के मुकाबले में जांजगीर-चांपा ने बिलासपुर को 10 अंकों से हराया।
फाइनल मुकाबले में महासमुंद ने रायपुर को 12 अंकों से पराजित कर बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम किया।


बालक वर्ग
बालक वर्ग के सेमीफाइनल में कोरबा ने रायपुर को 19-05 अंकों से हराया, जबकि महासमुंद ने बालोद को 10 अंकों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में बालोद ने रायपुर को 17 अंकों से हराया।
फाइनल में महासमुंद के अजय और विजय के शानदार खेल की बदौलत टीम ने कोरबा को 7 अंकों से हराकर बालक वर्ग की ट्रॉफी भी अपने नाम कर ली।


समापन समारोह
प्रतियोगिता का समापन श्री आसीम कादरी (स्पोर्ट्स ऑफिसर, आदर्श कॉलेज रायपुर) एवं चंद्रशेखर महतो (व्यायाम शिक्षक, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल तागा, जांजगीर-चांपा) के करकमलों से संपन्न हुआ।
निर्णायक की भूमिका में आकाश वर्मा, मोहन तिवारी, मुस्कान कुरैटी रहे। टेबल ऑफिशियल के रूप में अनुकृति साहू और नंदिनी महानंद ने दायित्व निभाया। मीडिया प्रभारी सोमराज साहू एवं प्रतियोगिता मैनेजर शिवेंद्र यादव के सफल प्रबंधन से प्रतियोगिता सुचारु रूप से संपन्न हुई।


इस तरह 8वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर रग्बी सेवंस चैंपियनशिप 2025 में महासमुंद जिले ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में विजेता बनकर शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया।

Chhattisgarh Sports