रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले मामले में बड़ी कानूनी राहत मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को बिलासपुर हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। यह जानकारी कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने दी।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 18 जुलाई 2025 को चैतन्य बघेल को दुर्ग-भिलाई स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर लगातार चर्चा में रहा।
जमानत मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि उन्हें पहले से पूरा विश्वास था कि न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा, “देर चाहे जितनी हो, लेकिन न्याय जरूर आता है। सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं।” उन्होंने इसे चैतन्य बघेल और उनके परिवार के लिए बड़ी कानूनी राहत बताया।
इस फैसले के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में संतोष का माहौल है, वहीं मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
