विराट कोहली की पारी नहीं आई काम, न्यूज़ीलैंड ने भारत को हराकर वनडे सिरीज़ जीती

विराट कोहली की पारी नहीं आई काम, न्यूज़ीलैंड ने भारत को हराकर वनडे सिरीज़ जीती

न्यूज़ीलैंड ने तीन वनडे मैचों की सिरीज़ भारत को 2-1 से हरा कर जीत ली है.

इंदौर में रविवार को खेला गया तीसरा और आख़िरी मैच न्यूज़ीलैंड ने 41 रन से जीत लिया.

इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

न्यूज़ीलैंड की टीम ने आठ विकेट के नुक़सान पर 337 रन बनाए. न्यूज़ीलैंड के दो खिलाड़ियों डैरिल मिचेल और ग्लेन फ़िलिप्स ने शतक जड़ा.

इस तरह, न्यूज़ीलैंड ने भारत के आगे 338 रन का लक्ष्य रखा था. लेकिन भारतीय टीम 296 रन पर ऑलआउट हो गई.

विराट कोहली ने 108 गेंद में 124 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 3 छक्के लगाए. वहीं हर्षित राणा ने 43 गेंद में 52 रन की पारी खेली.

विराट और हर्षित जब तक क्रीज़ पर थे, तब तक भारत के रन की रफ़्तार तेज़ थी और भारत के हाथ में चार विकेट थे लेकिन हर्षित के आउट होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के विकेट लगातार गिरते चले गए.

आख़िरी विकेट कुलदीप यादव का गिरा, वह 5 रन पर रन आउट हो गए.

न्यूज़ीलैंड की ओर से ज़ैकरी फ़ॉक्स और क्रिस्टियन क्लार्क ने सबसे अधिक तीन-तीन विकेट लिए, जेडेन लेनॉक्स ने दो विकेट और काइल जेमीसन ने एक विकेट लिए.

इस सिरीज़ का पहला मैच 11 जनवरी को वडोदरा में खेला गया था, जिसमें भारत ने चार विकेट से जीत दर्ज की थी. दूसरा मैच 14 जनवरी को राजकोट में खेला गया था, जिसमें न्यूज़ीलैंड ने सात विकेट से जीत हासिल की थी.

International Sports