रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में राजिम कुंभ कल्प-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मूलभूत व्यवस्थाएँ गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएँ, सुरक्षा, आवागमन, पार्किंग, बिजली और लाइटिंग पर विशेष फोकस करने को कहा। साथ ही मेला क्षेत्र के प्रवेश मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, अस्थायी शौचालयों और चिकित्सा शिविरों की समयबद्ध तैयारी के आदेश दिए। भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया गया।

इसके पश्चात मंत्री राजेश अग्रवाल ने मेला स्थल का निरीक्षण करते हुए पर सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम और पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट और प्राथमिक उपचार केंद्र उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि 1 से 15 फरवरी तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर आयोजित होने वाला यह विशाल धार्मिक आयोजन गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मुख्य मंच डोम, संत समागम स्थल की व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी है। मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों से पारदर्शी तरीके से सभी व्यवस्थाएँ तय समयसीमा में पूरी करने को कहा, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, जल प्रबंधन, सड़कें, पार्किंग, बस संचालन, संतों के विश्राम गृह, कांवड़ियों के शेड, चिकित्सा केंद्र, भोजन व्यवस्था, दाल-भात केंद्र, पेयजल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस और मीना बाजार सहित सभी सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “राजिम कुंभ कल्प-2026 को गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न करना हमारा लक्ष्य है। सभी विभाग समयसीमा में अपने कार्य पूरे करें, ताकि श्रद्धालुओं को हर सुविधा मिल सके। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊंचाई देगा।”
निरीक्षण के दौरान विधायक रोहित साहू, गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

