रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर बेरोजगार युवाओं का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। नियुक्ति की मांग को लेकर 24 दिसंबर से आमरण अनशन पर बैठे D.Ed अभ्यर्थियों का सब्र आज टूट गया और बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी नवा रायपुर स्थित स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव करने पहुंच गए।
मंत्री निवास पर मचा हड़कंप
शिक्षा विभाग की हालिया समीक्षा बैठक से कोई ठोस निर्णय न निकलने के बाद नाराज अभ्यर्थी सीधे मंत्री के आवास की ओर बढ़े। अचानक बड़ी भीड़ उमड़ने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालात को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रदर्शनकारियों को बंगले के बाहर ही रोक दिया गया। धरने पर बैठे अभियार्थी ने मिट्टी तेल डालकर आत्मदाह कीई कोशिश की..
कोर्ट आदेश की अवहेलना का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद सरकार नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है। उनका कहना है कि सरकार केवल बैठकों और फाइलों में मामला उलझाकर बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अभ्यर्थियों ने साफ कहा है कि यदि जल्द नियुक्ति नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और राज्यव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा।
