— जनवरी की विदाई के साथ ही छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
– मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं इसके तीन दिन बाद न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। पिछले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न इलाकों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई थी, लेकिन अब फिर से ठंड बढ़ने के संकेत हैं।
सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ 58 डिग्री पूर्व और 20 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके साथ ही हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
आज यानी 27 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि 28 और 29 जनवरी को सरगुजा तथा उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभावित है, जबकि शेष हिस्सों में तापमान लगभग स्थिर रह सकता है।

