साय सरकार पर बढ़ा सियासी दबाव, अर्जुन मुंडा ने D.Ed अभ्यर्थियों के पक्ष में लिखा पत्र

साय सरकार पर बढ़ा सियासी दबाव, अर्जुन मुंडा ने D.Ed अभ्यर्थियों के पक्ष में लिखा पत्र

– छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक भर्ती 2023 को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है.49 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों के समर्थन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सामने आए हैं.

– झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर हाई कोर्ट के निर्देशानुसार रिक्त 2300 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर शीघ्र और न्यायसंगत निर्णय लेने की अपील की है.

अपने पत्र में अर्जुन मुंडा ने कहा कि न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन में देरी युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है.

उन्होंने सरकार से इस मुद्दे को केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि मानवीय और सामाजिक न्याय से जुड़ा विषय मानकर देखने का आग्रह किया है.

49 दिनों से नया रायपुर के तूता धरना स्थल पर चल रहा आमरण अनशन अब गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले चुका है. कई अभ्यर्थी बेहोश हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा है. इसी स्थिति को देखते हुए अर्जुन मुंडा ने हस्तक्षेप किया है.

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एक वरिष्ठ आदिवासी नेता के इस पत्र से आंदोलन को नई नैतिक और राजनीतिक ताकत मिली है.

आदिवासी मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार से यह अपेक्षा की जा रही है कि वह युवाओं की पीड़ा को समझते हुए जल्द समाधान निकाले.

अब सवाल यही है कि क्या साय सरकार इस अपील पर त्वरित फैसला लेगी, या यह मुद्दा और बड़ा राजनीतिक संकट बनेगा.

Uncategorized