गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में स्थापना दिवस व अरपा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में स्थापना दिवस व अरपा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जीपीएम पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने स्थापना दिवस समारोह के साथ-साथ अरपा महोत्सव में भी शिरकत की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने शहर के पावर हाउस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री गौरेला के मंगली बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसाबंदियों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मीसाबंदी कोमलचंद जैन एवं शिवकुमार सोनी के निवास पर जाकर शाल एवं श्रीफल भेंट कर उन्हें नमन किया।

मीसाबंदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हम आपका आशीर्वाद लेने आए हैं।

” उन्होंने आपातकाल के दौरान मीसाबंदियों द्वारा झेली गई पीड़ा और संघर्ष को गंभीरता से सुना और उनके साहस व त्याग को नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मीसाबंदी लोकतंत्र के सच्चे रक्षक हैं, जिन्होंने देश में आपातकाल के कठिन दौर में अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सम्मान राशि एवं अन्य सुविधाओं की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार मीसाबंदियों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। मीसाबंदियों ने भी सरकार द्वारा मिल रहे सम्मान और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विकास तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मीसाबंदियों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री साय मंगली बाजार से पेंड्रा हाई स्कूल स्थित हेलीपैड पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर के लिए रवाना हुए।

Chhattisgarh