रायपुर,रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन वर्क-फ्रॉम-होम जॉब के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले दो फरार मुख्य आरोपी आशीष परिहार और लक्ष्मण देवासी को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न 13 साइबर सेल और थानों में मामले दर्ज पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना राखी में पारस कुमार धीवर से 24 लाख और थाना धरसीवां में ललित साहू से 34 लाख रुपये की ठगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा आईटी एक्ट 66(D) के तहत अपराध कायम किया गया था।
तकनीकी जांच में बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और टेलीग्राम चैट का विश्लेषण कर गिरोह की पहचान की गई। इससे पहले अजमेर निवासी भवानी सिंह, जोधपुर के उत्पल पंचारिया और नासिक के साहिल संतोष को गिरफ्तार किया जा चुका था।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश देकर दोनों मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन जॉब के नाम पर फीस, OTP या बैंक जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल-मैसेज से सतर्क रहें।

