अमेरिका-इसराइल और ईरान के सैन्य संघर्ष के बीच दो तेल टैंकरों पर हमला हुआ, जिसमें तीन भारतीयों की मौत हो गई. इन हमलों में 15-20 नाविक घायल हुए हैं.
अधिकारियों ने बताया, “एक व्यक्ति की मौत हुई और दो लोग लापता हो गए. लेकिन वे नहीं मिले, इसलिए माना जा रहा है कि उनकी मौत हो गई है. घायलों में से दो की हालत गंभीर है.”
अधिकारियों से अभी तक यह जानकारी नहीं मिली है कि मरने वाले और घायल होने वाले भारतीय किस राज्य से हैं.
एक हमला मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला ‘एमकेडी व्योम’ तेल टैंकर पर हुआ. यह टैंकर सऊदी अरब जा रहा था, लेकिन मस्कट के पास ड्रोन बोट से इस पर हमला हुआ.
दूसरा हमला व्यापारिक जहाज़ ‘एमवी स्काईलाइट’ पर हुआ, इसमें 20 क्रू मेंबर्स घायल हुए. घायलों में 15 भारतीय और 5 ईरानी शामिल हैं.
ओमान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि भारतीय नागरिकों को सुरक्षित और जल्दी वापस लाया जा सके.”

