रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने शहर में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 13 दोपहिया वाहन, जिसकी कुल कीमत लगभग 5.50 लाख रुपए बताई जा रही है, बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राहुल वर्मा (33 वर्ष), निवासी ग्राम बुडेरा, थाना खरोरा, रायपुर, बी.टेक डिग्रीधारी है और पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। वर्ष 2023 में राहुल वर्मा 40 दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल निरुद्ध रह चुका है।
डीसीपी क्राइम एवं साइबर श्री स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी।
टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगालने, मुखबिरों को सक्रिय करने और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने राहुल वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने रायपुर शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 बाइक चोरी करना कबूल कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई सभी बाइक बरामद कर ली गईं। जांच में सामने आया कि इनमें से 11 वाहनों की चोरी के मामले सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी को रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।

