गांजा किंगपिन रवि साहू पर रायपुर पुलिस का शिकंजा, 7.50 करोड़ की संपत्ति अटैच करने की तैयारी

गांजा किंगपिन रवि साहू पर रायपुर पुलिस का शिकंजा, 7.50 करोड़ की संपत्ति अटैच करने की तैयारी

राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और गांजा तस्करी के सरगना रवि साहू के खिलाफ रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने उसकी करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति अटैच करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई SAFEMA Act के तहत की जा रही है, जिसके लिए पुलिस ने विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर सफेमा कोर्ट मुंबई भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक रवि साहू लंबे समय से राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, अवैध कारोबार, धमकी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। लगातार अपराध में संलिप्तता और नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के दस्तावेज खंगालने के बाद कमिश्नरेट ने यह सख्त कदम उठाया है।

बताया जा रहा है कि रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के गठन के बाद एनडीपीएस एक्ट के मामलों में इस तरह की यह पहली बड़ी संपत्ति कुर्की कार्रवाई मानी जा रही है।

पुलिस का मानना है कि नशे के अवैध धंधे से कमाई गई संपत्ति पर चोट कर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जाएगी। SAFEMA के तहत कार्रवाई होने पर रवि साहू की जमीन, मकान, वाहन और अन्य निवेश शासन के नियंत्रण में आ सकते हैं। हाल के दिनों में संपत्ति अटैचमेंट को लेकर अदालतों द्वारा भी सख्त रुख सामने आया है, जिससे इस कार्रवाई को कानूनी मजबूती मिल रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों, हिस्ट्रीशीटरों और संगठित अपराध से जुड़े आरोपियों की अवैध संपत्तियों की सूची तैयार की जा रही है और आने वाले दिनों में ऐसे कई बड़े नामों पर कार्रवाई देखने को मिल सकती है। रवि साहू पर यह कार्रवाई राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी चेतावनी मानी जा रही है।

Uncategorized