इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में भीषण आग

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में भीषण आग

राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से गुरुवार की देर रात एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां विश्वविद्यालय परिसर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि विश्वविद्यालय परिसर सहित हॉस्टल क्षेत्र की बिजली कई घंटों तक बाधित रही। बताया जा रहा है कि आग ने कई एकड़ में फैले खेती परीक्षण क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कृषि अनुसंधान और फसल परीक्षण को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 20 लाख रुपए की क्षति की आशंका जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक आग लगने के बाद मामले को दबाने के प्रयास में दमकल विभाग को समय पर सूचना नहीं दी गई।

विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी और छात्र घंटों तक स्वयं आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन आग बेकाबू होने के बाद फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कृषि विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी मौके से नदारद रहे। घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। अब आग लगने के कारणों और सूचना देने में हुई देरी को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Uncategorized