छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 43 IAS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में नई जिम्मेदारियां

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 43 IAS अधिकारियों के तबादले, कई विभागों में नई जिम्मेदारियां

नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 43 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए। इस व्यापक प्रशासनिक सर्जरी में कई अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, संभागायुक्त, निगम आयुक्त और कलेक्टर स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के मुताबिक श्रीमती ऋचा शर्मा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है, जबकि मनोज कुमार पिंगुआ को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। निहारिका बारिक अब गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव होंगी। वहीं डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग का सचिव बनाया गया है।

कलेक्टर स्तर पर भी अहम बदलाव हुए हैं। संबित मिश्रा को रायपुर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी का प्रबंध संचालक बनाया गया है, जबकि विश्वदीप को बीजापुर कलेक्टर पदस्थ किया गया है। महादेव कावरे को सहकारिता आयुक्त, जबकि श्याम लाल धावड़े को रायपुर संभागायुक्त बनाया गया है।

इसके अलावा कई विभागों में अतिरिक्त प्रभार भी बदले गए हैं। शासन ने इस बदलाव को प्रशासनिक कसावट, विभागीय समन्वय और विकास कार्यों में तेजी लाने की दिशा में अहम कदम माना है। यह फेरबदल राज्य सरकार के अब तक के सबसे बड़े प्रशासनिक पुनर्संरचना आदेशों में शामिल है।

Uncategorized