टेमरी ग्राम पंचायत के नगर पंचायत में शामिल किए जाने का विरोध, ग्रामीणों ने दी आंदोलन और कोर्ट जाने की चेतावनी

टेमरी ग्राम पंचायत के नगर पंचायत में शामिल किए जाने का विरोध, ग्रामीणों ने दी आंदोलन और कोर्ट जाने की चेतावनी

रायपुर। विकासखण्ड धरसीवां अंतर्गत ग्राम पंचायत टेमरी के ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी अधिसूचना का कड़ा विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन द्वारा 29 जुलाई 2024 को राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के माध्यम से नगर पंचायत माना कैम्प की सीमा का विस्तार करते हुए ग्राम पंचायत टेमरी के कुछ क्षेत्रों को वार्ड क्रमांक 02 एवं वार्ड क्रमांक 05 में शामिल करने का निर्णय लिया गया है, लेकिन इस संबंध में ग्राम पंचायत टेमरी अथवा यहां के रहवासियों को कोई सुनवाई का अवसर नहीं दिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत माना कैम्प वर्तमान सीमा क्षेत्र का ही समुचित विकास, रखरखाव और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में असफल रहा है। ऐसे में टेमरी ग्राम पंचायत को उसमें शामिल करने से क्षेत्र के विकास और भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि वे वर्तमान ग्राम पंचायत व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट हैं और ग्राम पंचायत द्वारा उन्हें आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनका मानना है कि नगर पंचायत में शामिल होने के बाद सुविधाओं में कमी आ सकती है और क्षेत्र की समस्याएं बढ़ सकती हैं।

ग्राम पंचायत टेमरी के निवासियों ने शासन के इस निर्णय का पुरजोर विरोध करते हुए कहा है कि बिना जनसुनवाई और सहमति के लिया गया यह फैसला स्वीकार्य नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि वे इस निर्णय का अंत तक विरोध करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय की शरण भी लेंगे।

Uncategorized