
रायपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक संस्था नृत्यश्री धारा रायपुर द्वारा आयोजित 15 दिवसीय ओडिसी नृत्य कार्यशाला का आज रायपुर टाउन हॉल में समापन हुआ। 1 मई से 15 मई तक चले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में बच्चों और युवाओं ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैली ओडिसी की विविध विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ओडिसी नृत्यांगना एवं नृत्य गुरु आर्या नंदे ने प्रतिभागियों को ओडिसी नृत्य की बारीकियां सिखाईं। प्रशिक्षण के दौरान नृत्य की मूल संरचना, हस्त मुद्राएं, भाव-भंगिमाएं, ताल-लय, मंच संचालन और प्रस्तुति की कलात्मक विधाओं पर विशेष अभ्यास कराया गया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय कला और संस्कृति से जोड़ना है। प्रतिभागियों को यह भी समझाया गया कि पारंपरिक ओडिसी नृत्य को शास्त्रीय अनुशासन और सौंदर्य के साथ मंच पर किस प्रकार प्रस्तुत किया जाता है।
समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने सीखे गए नृत्य कौशल की प्रस्तुति भी दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों का आयोजन लगातार किया जाएगा।
नृत्य गुरु आर्या नंदे देश-विदेश में अपनी कला का प्रदर्शन कर भारतीय शास्त्रीय नृत्य को नई पहचान दिला चुकी हैं।

